रावतसर। नारायण टावर में खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (भारत सरकार) के मंडलीय कार्यालय बीकानेर के तत्वावधान में तथा लाल बहादुर शास्त्री शिक्षा समिति, रावतसर के सहयोग से पीसीबीआई के अंतर्गत एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार की दिशा में प्रेरित करना तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना रहा। शिविर में कार्यकारी अधिकारी दीपक कुमार मीणा ने खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की इन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। उन्होंने युवाओं और महिलाओं से इन योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। दीपक मीणा ने कहा कि वर्तमान समय में स्वरोजगार सबसे सशक्त विकल्प बनकर उभरा है और खादी ग्रामोद्योग की योजनाएं कम लागत में बेहतर आय के अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को आवेदन प्रक्रिया, सब्सिडी से मिलने वाले लाभ तथा प्रशिक्षण सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में संस्था सचिव भानसिंह राठौड़, पार्षद प्रतिनिधि रामनारायण पंवार, विनोद पुनियां, बिट्टू सोनी, सूरजभान घोड़ेला, रोहिताश तथा सुखराम सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं ने भाग लेकर योजनाओं के प्रति उत्साह दिखाया और आवश्यक जानकारी प्राप्त की। शिविर ने ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करने के साथ स्वरोजगार के नए अवसरों की जानकारी प्रदान की।
