रावतसर। लॉर्ड्स इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में विद्यालय परिसर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर टॉपर्स का राजस्थानी परंपरा के अनुसार साफा पहनाकर, माला, तिलक एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों में मोनिल (94%) ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय में शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं अक्षिता (93%) ने द्वितीय तथा कार्तिक (90%) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा स्नेहा (88%), गरिमा (86.33%), सुनैना (86.33%), मीनाक्षी (80.80%) तथा कृतिका (80%) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। समारोह के दौरान टॉपर विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिससे कार्यक्रम का माहौल और अधिक भावनात्मक एवं गौरवपूर्ण बन गया। विद्यालय की प्राचार्या विमला वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की असली कुंजी है।” उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सहयोग को दिया। संस्था अध्यक्ष भागीरथ करड़वाल ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और विद्यार्थियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया।
