हनुमानगढ़। जंक्शन के गांधीनगर क्षेत्र में लंबे समय से अधूरे पड़े रेलवे फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के निर्माण को शीघ्र पूरा कराने की मांग को लेकर मोहल्लावासियों के साथ-साथ हनुमानगढ़ विकास मंच, व्यापार मंडल एवं अन्य सामाजिक संगठनों ने सोमवार को जिला कलक्टर व उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में एफओबी निर्माण कार्य को बिना किसी अनावश्यक बदलाव के पूर्व दिशा में जहां गड्ढे खुदवाकर जाल बिछवाकर काम शुरू करवा दिया था, उसे पुन: शुरू कराने की मांग की गई। मोहल्लेवासियों ने बताया कि गांधीनगर से मुख्य बाजार जाने के लिए रेलवे लाइन पार करना वर्षांे से गंभीर समस्या बनी हुई है।

इसी समस्या को देखते हुए 2018 में क्षेत्र की मांग पर पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप की ओर से रेलवे एफओबी निर्माण के लिए 10 लाख रुपए रेलवे खाते में जमा करवा कर निविदा प्रक्रिया शुरू करवाई गई थी। इसके बाद वर्ष 2021-22 में तत्कालीन सभापति गणेश राज बंसल की ओर से नगर परिषद खाते से 3 करोड़ 65 लाख रुपए रेलवे को हस्तांतरित किए गए। वर्तमान विधायक गणेश राज बंसल, पूर्व सभापति सुमित रणवां एवं पूर्व पार्षद गुरदीप सिंह बराड़ के प्रयासों से कार्य को लगातार आगे बढ़ाया गया। करीब डेढ़ माह पूर्व रेलवे के एईएन सुरेश तोषावड़ा स्वयं मौके पर पहुंचे और एफओबी के लिए मार्किंग कर गड्ढे खुदवाए गए। साथ ही पीसीसी कार्य कर सरियों का जाल भी डाल दिया गया। इसके बावजूद कुछ लोगों ने आपत्ति जताकर निर्माण कार्य रुकवा दिया।

आरोप है कि कुछ व्यक्ति पुल की सीढ़ियां संकरी गलियों में उतरवाना चाहते हैं, जिससे 8-10 घरों व दुकानों के प्रवेश द्वार बंद हो जाएंगे। यदि एफओबी की सीढ़ियां गलियों में उतरती हैं तो एम्बुलेंस, दमकल वाहन, कचरा ट्रॉली, गैस वाहन सहित अन्य आवश्यक सेवाओं का प्रवेश बाधित हो जाएगा। इससे न केवल यातायात प्रभावित होगा, बल्कि लोगों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ेगा। वहीं वर्तमान में कन्या विद्यालय की छोटी-छोटी छात्राएं जान जोखिम में डालकर अवैध रूप से रेलवे लाइन पार कर स्कूल जाने को मजबूर हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। सभी संगठनों व मोहल्लेवासियों ने जिला कलक्टर से मांग की कि रेलवे एईएन की ओर से पूर्व में चिह्नित स्थान पर ही गड्ढे पुन: खुदवाकर सीढ़ियां उतरवाई जाएं और एफओबी निर्माण शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि आमजन को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। इस मौके पर प्यारेलाल बंसल, विजय कौशिक, निवर्तमान पार्षद गुरदीप सिंह बराड़, जगदीश अग्रवाल, देवेंद्र अरोड़ा, मिठनलाल, राजकुमार छाबड़ा, गुरदास सरां, गर्वित, हरजिन्द्र सिंह मौजूद थे।
