हनुमानगढ़। भारत विकास परिषद, नगर इकाई की ओर से सोमवार को स्वामी विवेकानंद जयंती के मौके पर युवाओं के मार्गदर्शन के लिए कैरियर डे का आयोजन किया गया। इस मौके पर परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों से भेंट कर उन्हें स्वामी विवेकानंद का चित्र भेंट किया तथा उनके जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में योगदान पर चर्चा की। परिषद सदस्यों ने जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, पुलिस अधीक्षक हरी शंकर यादव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) जितेंद्र बठला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई एवं अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी अजय भार्गव से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान स्वामी विवेकानंद की प्रेरणादायी जीवनी, उनके युवाओं के प्रति संदेश तथा भारत विकास परिषद की ओर से शिक्षा, स्वास्थ्य, सेवा एवं संस्कार से जुड़े विभिन्न प्रकल्पों की जानकारी दी गई। इस मौके पर जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कहा कि भारत विकास परिषद की ओर से समाज के विभिन्न वर्गांे के लिए किए जा रहे सेवा कार्य अत्यंत प्रशंसनीय हैं। ऐसे संगठन प्रशासन के लिए भी सहयोगी सिद्ध होते हैं और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। परिषद अध्यक्ष अनिल कौशिक ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं को आत्मविश्वास, अनुशासन और सेवा भाव के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। कैरियर डे जैसे आयोजन युवाओं को सही दिशा देने का एक सशक्त माध्यम हैं। जिला समन्वयक कपिल कालड़ा ने परिषद की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत विकास परिषद का उद्देश्य केवल सेवा करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच और राष्ट्रभक्ति के संस्कार विकसित करना है। स्वामी विवेकानंद के आदर्श हमारे सभी प्रकल्पों की प्रेरणा हैं। प्रांतीय सेवा समन्वयक ओम सिंह बिजारणिया ने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की असली ताकत है। परिषद निरंतर प्रयास कर रही है कि युवाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और चरित्र निर्माण के क्षेत्र में मार्गदर्शन मिल सके। इस मौके पर नगर इकाई संरक्षक सुशील जैन, सचिव अशोक सुथार, वित्त सचिव गौरव उपनेजा, भारतेंदु सैनी, पदम सिंह राठौड़, रामनिवास मांडण, सहायक निदेशक पुष्पेंद्र शेखावत, दीपक सिंह मौजूद रहे।
