गाजियाबाद। गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित कनवानी गांव में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे झुग्गी-झोपड़ियों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने करीब 200 झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि धुएं का गुबार लगभग 10 किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। घटना के दौरान झुग्गियों में रखे गैस सिलेंडरों में लगातार धमाके होते रहे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से सामान और सिलेंडर लेकर भागते नजर आए। आसपास की इमारतों को एहतियात के तौर पर खाली करा लिया गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 22 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नोएडा से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। राहत की बात यह रही कि घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रत्यक्षदर्शी आशीष गुप्ता के मुताबिक, कुछ लोग झुग्गियों में खाना बना रहे थे, तभी तिरपाल में आग लग गई और देखते ही देखते आग फैल गई। पास में स्थित पन्नी का गोदाम भी पूरी तरह जलकर राख हो गया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में कबाड़ का काम होता है और वहीं काम करने वाले लोग झुग्गियां बनाकर रहते हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस तैनात की गई हैं और आसपास के अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है। गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले लखनऊ के विकासनगर इलाके में भी झुग्गियों में आग लगी थी, जिसमें करीब 250 झोपड़ियां जल गई थीं और दो सगी बहनों की मौत हो गई थी।
