-युवाओं से 20 जुलाई के संसद मार्च में शामिल होने की अपील, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद डिंपल यादव गुरुवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचीं, जहां उन्होंने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार को इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि कौन जी रहा है और कौन मर रहा है। उन्होंने युवाओं से 20 जुलाई को जंतर-मंतर से संसद तक प्रस्तावित मार्च में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील भी की। डिंपल यादव ने दावा किया कि सोनम वांगचुक ने उनसे कहा है कि वह 20 जुलाई को अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर देंगे। हालांकि, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने स्पष्ट किया कि डिंपल यादव ने वांगचुक से अनशन समाप्त करने का अनुरोध किया है और समाजवादी पार्टी की ओर से संसद में इस मुद्दे को उठाने का भरोसा दिया गया है, लेकिन वांगचुक ने अभी तक इस पर अंतिम निर्णय नहीं लिया है।

मंच से संबोधित करते हुए डिंपल यादव ने कहा कि वह सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल को सलाम करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में छात्रों और किसानों की स्थिति चिंताजनक है तथा सरकार डर का माहौल बना रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा महात्मा गांधी के आदर्शों को नहीं मानती और केवल भगवान राम के नाम का इस्तेमाल कर सत्ता में बनी रहना चाहती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में भाजपा को केवल मतदान के माध्यम से ही रोका जा सकता है। इस अवसर पर सपा सांसद रुचि वीरा, धर्मेंद्र यादव, नरोत्तम पटेल, मोहिबुल्लाह नदवी, पप्पू निषाद तथा विधायक रागिनी सोनकर भी मौजूद रहे।
19 दिन से भूख हड़ताल पर हैं वांगचुक
सोनम वांगचुक नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर पिछले 19 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। आंदोलनकारियों के अनुसार इस दौरान उनका वजन करीब 8.9 किलोग्राम घट गया है। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) 20 जून से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है और सरकार से मामले में जवाबदेही तय करने की मांग कर रही है।
विपक्ष लगातार जता रहा समर्थन
इससे पहले 15 जुलाई को भीम आर्मी प्रमुख एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद भी जंतर-मंतर पहुंचे थे। उन्होंने सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए आंदोलन का समर्थन किया था। वहीं, सपा सांसद प्रिया सरोज ने भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर छात्रों के समर्थन में आवाज बुलंद की थी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी फोन पर सोनम वांगचुक से बातचीत कर उनका हालचाल जान चुके हैं और उनसे स्वास्थ्य को देखते हुए अनशन समाप्त करने की अपील कर चुके हैं।
