-एसीबी ने 3500 रुपए के साथ रंगे हाथों पकड़ा, 4000 रुपए मांगने की थी शिकायत
घड़साना। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को घड़साना नई मंडी स्थित राजकीय चिकित्सालय में कार्यरत गायनी विशेषज्ञ डॉ. महेंद्र सिंह चौधरी को 3500 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। चिकित्सक पर गर्भपात कराने के बदले परिवादी से 4000 रुपए रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। एसीबी के अनुसार परिवादी अपनी पत्नी को पेट दर्द और ब्लीडिंग की शिकायत होने पर राजकीय चिकित्सालय लेकर आया था। आरोप है कि चिकित्सक ने गर्भपात कराने के लिए 4000 रुपए की मांग की। इस पर परिवादी ने एसीबी से शिकायत की। शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने के बाद ट्रैप की योजना बनाई गई। कार्रवाई के दौरान चिकित्सक और परिवादी के बीच 3500 रुपए में बात तय हुई। जैसे ही परिवादी ने तय राशि चिकित्सक को सौंपी, पहले से मौजूद एसीबी टीम ने उसे रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी चिकित्सक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। मामले से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। यह भी पड़ताल की जाएगी कि रिश्वत मांगने और लेने की यह घटना एकल मामला है या इसके पीछे किसी बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार की आशंका है। जांच पूरी होने के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
