हनुमानगढ़। नशा मुक्त हनुमानगढ़ अभियान के तहत राष्ट्रीय युवक परिषद की ओर से बुधवार को जंक्शन स्थित पुलकित ऐंजल्स मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नशामुक्ति जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाना रहा। कार्यशाला को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय युवक परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने कहा कि नशा आज युवा पीढ़ी के भविष्य के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और सामाजिक जीवन पर गंभीर दुष्प्रभाव डालती है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने मित्रों, परिवार व समाज के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा यदि सकारात्मक सोच के साथ शिक्षा, खेलकूद, योग, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहेंगे तो वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से आसानी से बच सकेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और अच्छे संस्कार अपनाने की प्रेरणा भी दी। राष्ट्रीय युवक परिषद के प्रचार सचिव विनोद प्रजापत एवं सुनील कुमार ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए बचपन और किशोरावस्था से ही विद्यार्थियों में नशे के प्रति जागरूकता विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशामुक्ति अभियान के सक्रिय सहभागी बनने और अपने आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। कार्यशाला के अंत में विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया। परिषद पदाधिकारियों ने बताया कि नशा मुक्त हनुमानगढ़ अभियान के तहत जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में इसी प्रकार की जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन लगातार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवाओं तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जा सके।
