हनुमानगढ़। श्री गौशाला सेवा समिति, टाउन में गुरुवार को ग्राम फतेहगढ़ गोदाराबास के ग्रामीणों की ओर से गौ माता की सेवा के लिए लगभग 150 क्विंटल कनक दान स्वरूप भेंट की गई। ग्रामीण दो ट्रॉलियों में कनक भरकर गौशाला पहुंचे, जहां समिति पदाधिकारियों ने उनका स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। इस मौके पर समिति अध्यक्ष मनोहर लाल बंसल ने बताया कि गांव फतेहगढ़ गोदाराबास के ग्रामीण हर वर्ष कनक सीजन में गौ सेवा के लिए बढ़-चढ़कर सहयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार भी ग्रामीणों ने श्रद्धा और सेवा भावना के साथ लगभग 150 क्विंटल कनक गौशाला को समर्पित की है, जिससे गौशाला में रह रही गौ माताओं के चारे की व्यवस्था में काफी सहायता मिलेगी। मनोहर लाल बंसल ने कहा कि गौ सेवा भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी लोग आस्था और समर्पण के साथ गौ माता की सेवा में योगदान दे रहे हैं। ऐसे कार्य समाज में सेवा, सहयोग और दान की भावना को मजबूत करते हैं। इस दौरान गांव फतेहगढ़ गोदाराबास के इन्द्राज गोदारा, जयपाल गोदारा, नाजर सिंह, महेन्द्र बेनीवाल, मदन किरोड़ीवाल, ठाकुरराम नायक, संतोष नायक, रमेश गोदारा एवं सेवक सिंह, गौशाला समिति सचिव सुनील गोयल, उपाध्यक्ष संजय सर्राफ एवं विजय रोंता मौजूद रहे। गौशाला समिति पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के सहयोग और जनभागीदारी से ही गौ सेवा जैसे पुनीत कार्य निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।
