हनुमानगढ़। नारी शक्ति राजस्थान आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ, हनुमानगढ़ की साथिन प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष सीमा रानी के नेतृत्व में रविवार को हनुमानगढ़ पहुंचे मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि को ग्राम साथिनों की विभिन्न मांगों को लेकर 14 सूत्री ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से ग्राम साथिनों की लंबित और न्यायोचित मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई गई। ज्ञापन में बताया गया कि प्रार्थी राज्य सरकार द्वारा संचालित महिला अधिकारिता विभाग के अधीन ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम साथिन के पदों पर कार्यरत हैं। प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक ग्राम साथिन का पद निर्धारित है, जिसका कार्यक्षेत्र पूरी ग्राम पंचायत होता है। उन्होंने बताया कि नियुक्ति के बाद से अब तक ग्राम साथिनों के मानदेय में नाममात्र की ही बढ़ोतरी हुई है, जबकि राज्य सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी भी उनके मानदेय से अधिक है। साथिनों ने कहा कि न्यूनतम मजदूरी पाने वाले मजदूरों का कार्य समय आठ घंटे निर्धारित है, जबकि ग्राम साथिनों के कार्य की कोई समय सीमा तय नहीं है और उन्हें सामान्य दिनों में भी 10 से 15 घंटे तक कार्य करना पड़ता है। इसके बावजूद पंचायत क्षेत्र में बैठक या कार्य संचालन के लिए कोई स्थायी स्थान भी उपलब्ध नहीं कराया गया है।

ग्राम साथिनों ने मांग की कि उन्हें राज्य कर्मचारी घोषित कर कार्य समय सीमा निर्धारित की जाए तथा नियमित नहीं किए जाने तक मानदेय 21 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए। इसके अलावा शीतकालीन और ग्रीष्मकालीन अवकाश, पंचायत स्तर पर बैठक के लिए अलग स्थान, ब्लॉक व जिला स्तरीय बैठकों में आने-जाने के लिए यात्रा भत्ता, जाजम बैठक और स्टेशनरी के लिए अलग बजट, महिला पर्यवेक्षक के पदों में 50 प्रतिशत कोटा तथा सेवाकाल पूर्ण होने पर कम से कम 10 लाख रुपये का एकमुश्त भुगतान और पेंशन की व्यवस्था करने की मांग की गई। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों के नगर निकायों में शामिल होने के बाद पदमुक्त हुई साथिनों को अन्य विभागों में समायोजित करने, समय-समय पर परिचय पत्र जारी करने तथा राज्य कर्मचारियों के समान सुविधाएं प्रदान करने की भी मांग रखी गई। इस दौरान सीमा रानी, संजू वर्मा, नीरू जोशी, गोमती रानी, सरोज देवी, सुलोचना, संतोषी देवी, सुखविंदर कौर, सुमित्रा, कांता, ममता, सुमन कंवर, सुंदर देवी, राजलक्ष्मी, शकुंतला, मुकेश कुमारी, कौशल्या, वीरपाल कौर, रेनू शर्मा, मनोज कुमारी, कविता, सुमन कुमारी, मनविंद्र कौर, हरबंस कौर, कुलविंदर कौर, इंद्रा देवी, सरस्वती देवी, नजमा बीबी, फातिमा बीबी, कमला, स्वर्ण कौर, भंवरी देवी, परमेश्वरी देवी, कमला देवी, कमल कंवर व सुमित्रा देवी सहित बड़ी संख्या में ग्राम साथिनें मौजूद रहीं।
