हनुमानगढ़। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के हालिया हनुमानगढ़ दौरे को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी ने कहा कि एक वर्ष बाद मुख्यमंत्री के दौरे से जिले की जनता को बड़ी राहत और नई घोषणाओं की उम्मीद थी, लेकिन यह दौरा जनता के लिए निराशाजनक साबित हुआ और केवल सरकारी पैसे की बर्बादी बनकर रह गया। दादरी ने कहा कि पिछले बजट में हनुमानगढ़ के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई थीं, लेकिन उन पर अब तक काम शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि घग्गर बेड को पक्का करने के लिए 325 करोड़ रुपये की घोषणा की गई थी, लेकिन आज तक इस परियोजना पर कोई काम शुरू नहीं हुआ। इसी तरह 200 करोड़ रुपये की लागत से बाईपास रोड निर्माण की योजना भी कागजों में ही सिमटी हुई है। उन्होंने किसानों से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए कहा कि डिग्गी निर्माण पर मिलने वाली सब्सिडी भी किसानों को नहीं मिल पाई है। इसके अलावा अतिवृष्टि के कारण करीब 5 हजार हेक्टेयर में खराब हुई फसलों का मुआवजा भी किसानों को अभी तक नहीं दिया गया है। दादरी ने भाजपा के स्थानीय नेतृत्व से आग्रह किया कि वे मुख्यमंत्री तक हनुमानगढ़ क्षेत्र की जनता की समस्याएं और बजट घोषणाओं के अधूरे कार्यों की जानकारी पहुंचाएं। कांग्रेस नेता ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित मुख्यमंत्री की सभा को लेकर भी सरकार की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में पहुंची महिलाओं के काले रंग के दुपट्टे उतरवाए गए, जो महिलाओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि महिला सम्मान की बात करने वाली सरकार ने महिला दिवस के मौके पर ही महिलाओं के साथ असम्मानजनक व्यवहार किया। दादरी ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री की सभा को लेकर जनता में खास उत्साह नहीं दिखाई दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी कर्मचारियों के माध्यम से लोगों और आंगनबाड़ी महिलाओं को सभा में लाया गया था, लेकिन मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान उनमें से भी अधिकांश लोग वहां से जा चुके थे। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ के लिए कोई नई घोषणा नहीं किया जाना बेहद निराशाजनक है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के विरोध से घबराई हुई है और यही कारण है कि पंचायत और निकाय चुनावों में भी देरी की जा रही है, क्योंकि सरकार जनता का मूड समझ चुकी है।
