– सदर थाना क्षेत्र के चक 4 पीबीएन की घटना, साले सहित कई लोगों के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
हनुमानगढ़। सदर थाना पुलिस ने एक व्यक्ति के घर में घुसकर मारपीट करने, पत्नी व बच्चों को जबरन ले जाने, मोबाइल फोन छीनने तथा गाय ले जाने के आरोप में नामजद आरोपियों सहित कई अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार राजेन्द्र कुमार (37) पुत्र भगवान राम जाट निवासी चक 4 पीबीएन, ग्राम पंचायत कमाना ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 9 जून की रात करीब 9 बजे उसका साला नरेन्द्र कुमार पुत्र रामस्वरूप खीचड़ निवासी बहलोलनगर, कालूराम सहारण निवासी बहलोलनगर तथा उनके साथ 10-12 अन्य व्यक्ति उसके घर पहुंचे। सभी आरोपी घर की दीवार फांदकर अंदर घुसे। उनके हाथों में लकड़ी के डंडे थे, जिन पर लोहे के तार बंधे हुए थे। घर में घुसते ही आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। आरोपी उसका मोबाइल फोन भी छीनकर ले गए। आरोपी उसकी पत्नी ज्योति देवी तथा दोनों पुत्रों जयंत और चिराग को भी जबरन अपने साथ ले गए। मारपीट में गंभीर चोटें लगने के कारण वह चलने-फिरने की स्थिति में नहीं रहा और पूरी रात घर में ही पड़ा रहा। अगले दिन सुबह पड़ोसी बद्री उसके घर पहुंचे और उसे उपचार के लिए डबलीराठान के अस्पताल लेकर गए। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे राजकीय चिकित्सालय हनुमानगढ़ रेफर कर दिया गया। इसी दौरान पड़ोसियों ने सूचना दी कि कुछ लोग उसके घर से उसकी गाय भी खोलकर ले गए हैं और उनका संदेह है कि यह वही लोग थे जो रात में घर आए थे। सदर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच सहायक उपनिरीक्षक लालचंद को सौंपी गई है। पुलिस आरोपों की जांच कर आरोपियों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।
