हनुमानगढ़। सदर थाना पुलिस ने एक युवक के कथित अपहरण, मारपीट, जान से मारने की धमकी तथा अमानवीय व्यवहार के आरोप में कई नामजद और अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार कुलदीप कुमार (29) पुत्र खेमचंद मेघवाल निवासी वार्ड नम्बर 2, बहलोलनगर ने रिपोर्ट दी कि पिछले दो-तीन दिनों से उसे एक व्यक्ति फोन कर रहा था, जिसने अपना नाम रमेश कुमार निवासी पाण्डूसर तहसील नोहर बताया। उसने कहा कि वह किसी कंपनी के उत्पाद के संबंध में मिलना चाहता है और उसका मोबाइल नम्बर उसके परिचित मनोज कुमार ने दिया है। शिकायत के अनुसार 10 जून को दोपहर करीब 2 बजे रमेश कुमार ने पुन: फोन कर मिलने की बात कही। इसके बाद कुलदीप कुमार अपने मित्र जयपाल गोदारा के साथ चक 43 एसएसडब्ल्यू स्थित खेत में पहुंच गया। शाम करीब 4.30 बजे एक कार में रमेश कुमार, मनोज कुमार और एक अन्य व्यक्ति वहां पहुंचे और बातचीत के बहाने कुलदीप को अपने साथ कार में बैठा लिया। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि कुछ दूरी तय करने के बाद मनोज कुमार ने पिस्तौल निकालकर उसके कान पर तान दी और जान से मारने की धमकी देते हुए कार में ही मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी उसे कालीबंगा टावर के पास तथा फिर झूरियांवाली के निकट एक सोलर प्लांट क्षेत्र में ले गए, जहां अन्य लोगों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की गई। वहां पहुंचे कई अन्य लोगों ने भी उसके साथ मारपीट की तथा जबरन पेशाब पिलाया और उसका वीडियो बनाया। बाद में उसका मोबाइल फोन छीनकर सिम कार्ड भी तोड़ दिया गया। आरोपी उसे बाद में कालीबंगा क्षेत्र में मनोज कुमार के ताऊ मुखराम की ढाणी में ले गए, जहां भूराराम, सुभाष, दो महिलाओं तथा अन्य व्यक्तियों ने बेल्ट से मारपीट की। आरोप है कि वहां भी एक व्यक्ति ने बोतल में पेशाब भरकर उसे जबरन पिलाया। शाम करीब 7 बजे आरोपियों ने कुलदीप कुमार के पिता को फोन कर कहा कि उनका बेटा उनके कब्जे में है और यदि उसे सुरक्षित वापस लेना है तो बिना किसी को बताए वहां पहुंच जाएं। इसके बाद पिता मौके पर पहुंचे और उसे अपने साथ घर ले गए। परिवादी ने आरोप लगाया कि जाते समय आरोपियों ने घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। डर के कारण वह अगले दिन पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक लालचंद को सौंपी गई है। पुलिस आरोपों की सत्यता तथा घटना में शामिल सभी व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है।
