चूरू। शहर में बढ़ते नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चूरू पुलिस ने ‘ऑपरेशन नकेल’ अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत अवैध ड्रग्स के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से सूचना जुटाने के लिए पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने बताया कि अवैध ड्रग्स और नशे से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी आमजन हेल्पलाइन नंबर 9950077191 पर दे सकते हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, ताकि लोग बिना किसी डर के पुलिस को जानकारी दे सकें। एसपी ने बताया कि शहर में चिट्टा और एमडी ड्रग्स का नशा तेजी से फैल रहा है। खासकर स्कूल और कॉलेज के युवा इसकी चपेट में आ रहे हैं, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। नशे की लत पूरी करने के लिए कई युवा अवैध गतिविधियों में भी शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के उद्देश्य से ‘ऑपरेशन नकेल’ चलाया जा रहा है। पुलिस को मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर ड्रग पैडलर्स और नशा बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
