ऐलनाबाद। सीएमआरजे राजकीय महाविद्यालय, मीठी सुरेरां, ऐलनाबाद में प्राचार्य डा. सज्जन कुमार की अध्यक्षता व एल्युमिनी मीट के इंचार्ज डा. जोगिन्द्र सिंह के संयोजन में पूर्व छात्र मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न वर्षों के पचास से अधिक पूर्व विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य के स्वागत संबोधन से हुआ। प्राचार्य ने पूर्व छात्रों का महाविद्यालय परिसर में पुनः आगमन पर हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की वास्तविक पहचान उसके पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियों से होती है। उन्होंने कहा कि पूर्व छात्र महाविद्यालय की अमूल्य धरोहर हैं और उनका मार्गदर्शन वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। इस अवसर पर पूर्व विद्यार्थियों ने अपने विद्यार्थी जीवन की स्मृतियों को साझा किया तथा महाविद्यालय में बिताए गए समय को याद करते हुए भावुक क्षणों को पुनःजीवंत किया ।पूर्व छात्रों और वर्तमान विद्यार्थियों के बीच संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें करियर विकल्प, रोजगार के अवसर, व्यक्तित्व विकास और समय प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे और पूर्व छात्रों से मार्गदर्शन प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं। इंचार्ज ने कहा कि यह पूर्व छात्र मिलन समारोह महाविद्यालय के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में यादगार रहेगा और भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन नियमित रूप से करने का निर्णय लिया गया।

इस अवसर पर भविष्य में पूर्व छात्र संघ की गतिविधियों को संगठित रूप से संचालित करने के उद्देश्य से एक कार्यकारिणी समिति का गठन भी किया गया। जिसमें ज्ञान सिंह को प्रधान सुमित्रा को उपप्रधान, यादविन्द्र सिंह को महासचिव शेर सिंह व संदीप को कोषाध्यक्ष, खुशबू को सह सचिव ,रजनीश को संगठन सचिव, विक्रम एवं सोनू को मीडिया प्रभारी और ममता, पूजा, अमृतपाल कौर, सचिन, विजय कुमार , रमनदीप, सतपाल को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में चुना गया। मंच संचालन प्रो. सावन ने किया किया। एक अन्य कार्यक्रम में प्राचार्य डा. सज्जन कुमार की अध्यक्षता प्रो. राजवीर के संयोजन में चल रहे एनएसएस इकाई के सात दिवसीय शिविर के थीम “ यूथ फ़ॉर माई भारत और यूथ फॉर सतत् विकास “ के अन्तर्गत पाँचवें दिन की शुरुआत सभी के सरस्वती वंदना तथा लक्ष्य गीत से तथा योग कक्षा के साथ की गई। दूसरे सत्र जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में अधिवक्ता परवीन शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने “मौलिक अधिकार एवं मानव अधिकार” विषय पर विस्तृत व्याख्यान दिया। अपने संबोधन में उन्होंने संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकारों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, शिक्षा एवं अभिव्यक्ति का अधिकार प्राप्त है। साथ ही मानव अधिकारों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का पालन करना भी उतना ही आवश्यक है।व्याख्यान के पश्चात स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से सिरसा रोड पर “प्लास्टिक मुक्त अभियान” चलाया गया।अभियान के माध्यम से आमजन को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम के अंत में पारंपरिक खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें थ्री लेग रेस सहित अन्य पुराने खेलों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर खेल भावना का परिचय दिया।
