हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से प्रेषित स्टेट एक्शन प्लान की पालना में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तत्वावधान में मंगलवार को सावित्री बाई फुले छात्रावास की छात्राओं के लिए अंबेडकर जयंती के मौके पर विधिक जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में न्यायिक मजिस्ट्रेट मीनाक्षी अग्रवाल, रिसर्च साइंटिस्ट एवं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. अप्राजिता, छात्रावास अधीक्षक शीलपाल कौर, नेहा गोयल एवं चीफ एलएडीसी अधिवक्ता ऋषिराज बेनीवाल ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर न्यायिक मजिस्ट्रेट मीनाक्षी अग्रवाल ने छात्राओं को डॉ. अंबेडकर के जीवन, उनके संघर्ष और भारत के स्वतंत्रता संग्राम व संविधान निर्माण में उनके योगदान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकार, राज्य के नीति निर्देशक तत्व और मौलिक कर्तव्यों के बारे में भी समझाया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इसमें पीड़ित प्रतिकर योजना, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की नि:शुल्क विधिक सहायता हेल्पलाइन 15100, नालसा संवाद योजना तथा बाल विवाह रोकथाम के लिए नालसा आशा योजना जैसी महत्वपूर्ण पहल शामिल रही। सेमिनार के माध्यम से छात्राओं को कानून संबंधी जानकारी देकर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और सशक्त बनाने का संदेश दिया गया।
