हनुमानगढ़। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय पक्कासारणा में राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रथम एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एनएसएस स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस मौके पर सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस भी मनाया गया। प्रधानाचार्य राकेश अग्रवाल, उपप्रधानाचार्य किरणजीत कौर एवं कार्यक्रम अधिकारी व व्याख्याता अनिता मीणा ने मां सरस्वती तथा सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद सभी ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली। शिविर के दौरान स्वयंसेविकाओं ने योगाभ्यास, प्राणायाम एवं सूक्ष्म व्यायाम किया तथा एनएसएस का लक्ष्य गीत गाया। इसके बाद स्वयंसेविकाओं ने अपने-अपने दलों के अनुसार श्रमदान किया। पंचायतीराज चुनाव के मद्देनजर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए रैली निकाली गई, जिसे प्रधानाचार्य ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्वयंसेविकाओं ने गोद ली गई बस्ती में पहुंचकर साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। दोपहर बाद खेल, पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साह से हिस्सा लिया। खेल प्रतियोगिताओं में छात्राओं की विशेष रुचि देखने को मिली। प्रधानाचार्य राकेश अग्रवाल ने शिविर में छात्राओं की ओर से किए गए श्रमदान एवं अन्य गतिविधियों का निरीक्षण किया तथा उनके कार्यांे की सराहना की। उन्होंने एनएसएस के उद्देश्यों एवं लक्ष्य के बारे में जानकारी दी। शिविर में विद्यालय के स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
