ऐलनाबाद। जिले में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। पुलिस अधीक्षक दीपक ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राह चलती महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां करने वाले तथा स्कूल, कॉलेज और कोचिंग सेंटरों के बाहर आवारागर्दी करने वालों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए। एसपी ने बताया कि महिला थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों को शहर के बाजारों, शिक्षण संस्थानों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस को मिली शिकायतों के अनुसार कुछ युवक सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं और फब्तियां कसते हैं, जिससे विशेष रूप से छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए महिला थाना पुलिस, दुर्गा शक्ति टीम, डायल 112, पीसीआर यूनिट, मोटरसाइकिल राइडर और पैदल गश्त करने वाले पुलिसकर्मियों को सक्रिय कर दिया गया है। जिन क्षेत्रों में महिलाओं की आवाजाही अधिक रहती है, वहां विशेष गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्कूल और कॉलेज के खुलने व बंद होने के समय विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि पार्कों, बाजारों और कोचिंग सेंटरों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी। शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की नियमित जांच कर असामाजिक तत्वों की पहचान कर समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा पुलिस अधिकारी स्कूलों और कॉलेजों में जाकर छात्राओं को महिला सुरक्षा, हेल्पलाइन नंबर और डायल 112 सेवा के बारे में जागरूक करेंगे। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही सभी महिलाओं और छात्राओं से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा महसूस होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
संवाददाता- रमेश भार्गव
