हनुमानगढ़। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हनुमानगढ़ देहात के बैनर तले अध्यक्ष संदीप सिधू के नेतृत्व में गुरुवार को विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर उपखंड अधिकारी को विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में रसोई गैस की बढ़ती कीमतों, कमर्शियल सिलेंडर की कमी, कृषि अनुदान में देरी और फसल बीमा में अनियमितताओं सहित कई गंभीर मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। ज्ञापन में ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सिधू ने कहा कि रसोई गैस के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से गरीब, मध्यम वर्ग और मजदूर परिवारों का घरेलू बजट बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। कई परिवारों को मजबूर होकर पारंपरिक ईंधनों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे स्वास्थ्य और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने गैस कीमतों पर नियंत्रण और जरूरतमंद परिवारों को प्रभावी सब्सिडी देने की मांग की। इसके साथ ही क्षेत्र में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की भारी कमी का मुद्दा भी उठाया गया। ज्ञापन में कहा गया कि विवाह, धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के दौरान समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली की जांच कर कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग भी की गई। कृषि से जुड़ी समस्याओं पर ध्यान आकर्षित करते हुए कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि ड्रिप, स्प्रिंकलर और कृषि यंत्रों पर मिलने वाले अनुदान का भुगतान पिछले 6 से 8 महीनों से लंबित है, जिससे किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। वहीं फसल बीमा योजना में पारदर्शिता की कमी को लेकर भी नाराजगी जताई गई। किसानों का आरोप है कि वास्तविक नुकसान के बावजूद उन्हें उचित क्लेम नहीं मिल पा रहा है। ज्ञापन में किसान क्रेडिट कार्ड की ऋण सीमा 5 लाख रुपये तक लागू नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की घोषणा के बावजूद कई बैंकों द्वारा किसानों को इसका लाभ नहीं दिया जा रहा है। किसानों की बिगड़ती आर्थिक स्थिति को देखते हुए विशेष राहत पैकेज लागू करने की भी मांग की गई। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी कि यदि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आमजन के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से जनहित में जल्द कार्रवाई की मांग की।
