
हनुमानगढ़। जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता प्रदीप रुस्तगी के साथ विधायक गणेश राज बंसल की ओर से कथित अभद्र व्यवहार से नाराज संभाग के कर्मचारियों ने मंगलवार को संघर्ष समिति के बैनर तले मुख्य अभियंता कार्यालय परिसर में काली पट्टी बांधकर धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने इसे अपने मान-सम्मान की लड़ाई बताते हुए चेतावनी दी कि अगर प्रशासन ने मध्यस्थता कर इस प्रकरण का पटाक्षेप नहीं किया तो संभाग के कर्मचारी हड़ताल पर जाने का निर्णय लेने को मजबूर होंगे।

राजस्थान अकाउंट एसोसिएशन के पूर्व जिलाध्यक्ष निजामुद्दीन गौरी ने आरोप लगाया कि विधायक गणेश राज बंसल ने जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता प्रदीप रुस्तगी के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। असंसदीय भाषा का प्रयोग किया गया। इसके विरोध में तीन दिन पूर्व जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर इस मामले का पटाक्षेप करने की मांग की गई थी ताकि जनप्रतिनिधि व मुख्य अभियंता का मान-सम्मान बना रहे। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अधिकारी-कर्मचारी के साथ इस तरह का व्यवहार सहनीय नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस मामले का पटाक्षेप नहीं होने की स्थिति में संभाग के सम्पूर्ण कर्मचारी हड़ताल पर जाएंगे और संघर्ष की रूपरेखा अपनाई जाएगी।

एक्सईएन कृष्ण कुमार सांगवान ने बताया कि विभाग की ओर से अतिक्रमण हटाने के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही थी। लेकिन अतिक्रमणकारियों के समर्थन में विधायक गणेश राज बंसल की ओर से मुख्य अभियंता के साथ दूरभाष पर अभद्र व असंसदीय भाषा का प्रयोग किया गया। इससे कर्मचारियों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि विभाग नियमानुसार कार्य करता है और किसानों के लिए दिन-रात भागता है ताकि उनकी समस्या का समाधान हो सके। चूंकि दोनों ही व्यक्ति सम्मानित पद पर हैं। विधायक मनोनीत सदस्य हैं तो मुख्य अभियंता जल संसाधन विभाग के उत्तर संभाग के सबसे बड़े अधिकारी हैं। दोनों ही पक्ष बैठकर इस समस्या का समाधान करें ताकि दोनों का स्वाभिमान-सम्मान बना रहे और यह विवाद ज्यादा तूल न पकड़े।
