
हनुमानगढ़। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ की चेतावनी महारैली 12 जनवरी को जयपुर में प्रस्तावित है। सात सूत्री मांगों को लेकर होने वाली जयपुर रैली के लिए मंगलवार को पीलीबंगा उपखंड के विभिन्न कार्यालयों में जनसम्पर्क किया गया। महासंघ जिलाध्यक्ष चन्द्रभान ज्याणी ने बताया कि महासंघ पदोन्नति विसंगति दूर करने, 8, 16, 24 एवं 32 वर्ष की सेवा पर चयनित वेतनमान लागू करने, वेतन विसंगति दूर करने एवं केन्द्र के पे लेवल के समान वेतनमान स्वीकृत करने, पुरानी पेंशन योजना की सुरक्षा सुनिश्चित करने, संविदा एवं मानदेय कार्मिकों का नियमितीकरण करने, पारदर्शी स्थानांतरण नीति जारी करने एवं तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण करने, विभिन्न विभागों, निगम एवं बोर्ड को समाप्त कर किए जा रहे निजीकरण को बंद करने तथा कर्मचारियों के मान-सम्मान एवं स्वाभिमान की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर आंदोलनरत है। इन्हीं सात संकल्पों के साथ चेतावनी महारैली का आयोजन किया जा रहा है।

जनसम्पर्क करने वालों में महासंघ के जिला मंत्री रामनिवास, शिक्षक संघ शेखावत जिलाध्यक्ष जगनंदन सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोहर लाल बंसल, पटवार संघ उप शाखा अध्यक्ष मुरलीधर गोदारा, कानूनगो संघ उप शाखा अध्यक्ष देवीलाल छिम्पा, अभिषेक मीना, दरिया सिंह, नायब तहसीलदार सुरेंद्र सहारण व अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
