श्रीगंगानगर। जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव ने शनिवार को राजकीय जिला चिकित्सालय और राजकीय मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज की गंभीरता से जांच की जाए और उन्हें समय पर समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए। निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने एमसीएच भवन, इमरजेंसी, मुख्य आईसीयू, रामाश्रय वार्ड, नशामुक्ति वार्ड, ब्लड बैंक, ओपीडी और पूछताछ काउंटर का अवलोकन किया।

उन्होंने पीएमओ को जांच सुविधाओं का विस्तार करने तथा अस्पताल परिसर में नियमित और बेहतर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं मिलनी चाहिए और किसी भी मरीज को अव्यवस्था का सामना नहीं करना पड़े। जिला कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि मरीजों की समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए और उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।

उन्होंने जच्चा-बच्चा वार्ड की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों की देखभाल में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। साथ ही दवाओं की उपलब्धता और वार्डों में स्वच्छता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। इसके बाद जिला कलेक्टर ने राजकीय मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया और वहां चल रहे निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान पीएमओ डॉ. सुखपाल बराड़, मेडिकल कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल डॉ. बृजेश महावर, डॉ. पवन सैनी, नर्सिंग अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

