हनुमानगढ़। पिछले तीन दिनों से बार-बार हो रही अघोषित बिजली कटौती से परेशान मोहनमगरिया, मटोरियांवाली ढाणी और हरिपुरा के ग्रामीणों का शुक्रवार को गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने गांव नौरंगदेसर स्थित जीएसएस का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने डिस्कॉम के कनिष्ठ अभियंता को बंधक बना लिया। ग्रामीण इन्द्रजीत शर्मा ने बताया कि मोहनमगरिया, मटोरियांवाली ढाणी और हरिपुरा क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था चरमराई हुई है। ग्रामीणों के अनुसार दिनभर में कुछ समय के अंतराल पर बार-बार बिजली गुल हो रही है। आरोप है कि करीब हर दस मिनट बाद बिजली कट लगने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली कटौती से आक्रोशित ग्रामीण शुक्रवार को नौरंगदेसर जीएसएस पहुंच गए और वहां घेराव कर दिया। ग्रामीणों ने विद्युत समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक डिस्कॉम के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचकर उनसे वार्ता नहीं करते और विद्युत आपूर्ति में सुधार का ठोस आश्वासन नहीं देते, तब तक जीएसएस का घेराव जारी रहेगा। ग्रामीणों ने बार-बार लग रहे अघोषित विद्युत कटों से राहत दिलाने की मांग की।
