– स्काउट एंड गाइड के ‘नशा छोड़ो, देश जोड़ो’ अभियान की पहल- जिले के सभी पंजीकृत स्कूलों में चलेगा ‘नशामुक्त भाई अभियान’
हनुमानगढ़। रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में हिन्दुस्तान स्काउट एंड गाइड राजस्थान स्टेट, जिला मुख्यालय हनुमानगढ़ की ओर से नशामुक्ति को लेकर अनूठी पहल की गई। संगठन के ‘नशा छोड़ो, देश जोड़ो’ अभियान के तहत बालिकाओं ने शुक्रवार को जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य को ‘नशामुक्त भाईÓ राखी बांधी और हनुमानगढ़ जिले को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया। इस मौके पर एसपी बी आदित्य ने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व ही नहीं, बल्कि समाज को नशामुक्त बनाने के संकल्प का माध्यम भी बन सकता है। जिला ऑर्गेनाइजर दीपक यादव ने बताया कि हिन्दुस्तान स्काउट एंड गाइड से जुड़े जिले के सभी पंजीकृत विद्यालयों में ‘नशामुक्त भाई अभियान’ चलाया जाएगा। इसके तहत बहनें अपने भाइयों के लिए ‘नशामुक्त भाई’ थीम पर राखियां तैयार करेंगी और उन्हें बांधकर नशे से दूर रहने तथा आजीवन नशामुक्त रहने का संकल्प दिलाएंगी।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत विद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य रक्षाबंधन के पर्व को नशामुक्ति के व्यापक जनजागरण से जोड़कर संदेश को घर-घर तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में गाइड प्रभारी अंजू खान, प्रधानाचार्य पंकज, कुन्दन डोटासरा, अमन जोत, पूजा, कविता, दिव्या, ज्योति और रीना सहित स्काउट-गाइड परिवार के सदस्य मौजूद रहे। अंत में उपस्थितजनों ने नशामुक्त भारत के निर्माण और नशे के दुष्प्रभावों से लोगों को बचाने के लिए जनजागरण अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

