हनुमानगढ़। राष्ट्रीय युवक परिषद की ओर से संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कार्यकारिणी का विस्तार किया गया है। इसी क्रम में जीत सिंह यादव को परिषद की परामर्श समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने बताया कि जीत सिंह यादव वर्तमान में आईटीआई में उपनिदेशक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि यादव जैसे शिक्षित, अनुभवी और उच्च पदस्थ अधिकारी के परिषद से जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। उनके मार्गदर्शन में परिषद की गतिविधियां और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित हो सकेंगी। प्रवीण जैन ने कहा कि परिषद का उद्देश्य युवाओं को संगठित कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है। इसके लिए योग्य और समर्पित व्यक्तियों को जिम्मेदारी देना आवश्यक है। जीत सिंह यादव की नियुक्ति इसी दिशा में एक मजबूत पहल है। बैठक के दौरान संगठन के विस्तार एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने परिषद को और अधिक सक्रिय बनाने तथा युवाओं को जोड़ने के लिए विभिन्न सुझाव दिए। इस मौके पर निहाल सिंह, राधेश्याम टाक, मनीष स्वामी, राजकुमार त्यागी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
