हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की ओर से माइक्रो इंडस्ट्रीज को सोलर ऊर्जा उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने तथा बिजली बिलों में राहत प्रदान करने की मांग को लेकर गुरुवार को मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया। एसोसिएशन ने राज्य सरकार से मांग की है कि माइक्रो इंडस्ट्रीज की ओर से सोलर प्लांट स्थापित करने पर ऑन ग्रिड विद्युत बिलों में लगने वाले स्थाई सेवा शुल्क से राहत दी जाए। एसोसिएशन के सचिव जयपाल जैन ने मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में बताया कि वर्तमान में माइक्रो इंडस्ट्रीज को सोलर ऊर्जा संयंत्र लगाने पर किसी प्रकार का अनुदान या विशेष प्रोत्साहन नहीं मिल रहा है। ऐसे में छोटे उद्योग अपनी उत्पादन लागत कम करने और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाने के बावजूद आर्थिक दबाव का सामना कर रहे हैं। यदि सोलर लोड क्षमता के अनुरूप स्थाई सेवा शुल्क में छूट प्रदान की जाती है तो इससे माइक्रो इंडस्ट्रीज को बड़ा लाभ मिलेगा। साथ ही उद्योगों की संचालन क्षमता (वायबिलिटी) मजबूत होगी और राज्य में औद्योगिक निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा। एसोसिएशन ने यह भी उल्लेख किया कि इस पहल से राजस्थान की विद्युत उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी तथा हरित ऊर्जा को प्रोत्साहन मिलेगा। उद्योगों की ओर से सोलर ऊर्जा अपनाने से पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम होगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिलेगा। हनुमानगढ़ इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने राज्य सरकार से सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए माइक्रो इंडस्ट्रीज के हित में आवश्यक नीति निर्णय लेने की मांग की है, ताकि प्रदेश में छोटे उद्योगों के विकास और निवेश का नया मार्ग प्रशस्त हो सके।
