हनुमानगढ़। न्यू डेवलपमेंट बैंक (एनडीबी) की ओर से पोषित आरडब्ल्यूएसआरपीडी परियोजना के तहत डाल ऑर्गेनिक्स फार्म पर स्थापित सोलर पंप संयंत्र का निरीक्षण करने के लिए विशेषज्ञ टीम ने दौरा किया। इस दौरान टीम ने चक सात एनडीआर ए, मोहनमगरिया स्थित फार्म पर संचालित जैविक पहल, सौर ऊर्जा आधारित व्यवस्थाओं एवं कृषि गतिविधियों का अवलोकन किया। विजिट के दौरान न्यू डेवलपमेंट बैंक से तेस जेनिफर, जल संसाधन विभाग हनुमानगढ़ के अतिरिक्त मुख्य अभियंता दिलीप जैन, ईएमसी के टीम लीडर मिथिलेश कुमार सिन्हा, पर्यावरण विशेषज्ञ मीना भादुरी, कृषि विशेषज्ञ भूपेश अग्निहोत्री, साइट इंजीनियर विकास गुप्ता एवं अजय कुमार सहित रोटोमेग प्रतिनिधि कपिल चौधरी मौजूद रहे। टीम सदस्यों ने फार्म पर जैविक खेती को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ कृषि की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। निरीक्षण के दौरान सोलर पंप संयंत्र की कार्यप्रणाली और उससे कृषि क्षेत्र में होने वाले लाभों पर भी चर्चा की गई। फार्म प्रबंधन की ओर से टीम का आभार व्यक्त किया गया।
