हनुमानगढ़। भादरा तहसील के गांव मलसीसर निवासी रजत शर्मा के साथ बस यात्रा के दौरान किराए में एक रुपए की कमी को लेकर हुई मारपीट की घटना के बाद जिलेभर में आक्रोश का माहौल है। घटना की विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं गौसेवा संगठनों ने निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारियां की। इसी क्रम में रजत शर्मा के उत्तम स्वास्थ्य एवं शीघ्र स्वस्थ होने की कामना को लेकर मंगलवार रात्रि को जंक्शन स्थित शहीद भगतसिंह चौक के समीप श्री चिन्ता पूर्ण हनुमान मंदिर परिसर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्री कृष्ण गौ सेवा सुंदरकांड मंडल, जय हनुमान रामायण मंडल एवं श्री बालाजी सेवा दल के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम एवं हनुमान जी के जयकारों के साथ सामूहिक रूप से सुंदरकांड पाठ किया तथा रजत शर्मा के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ, समाज में शांति, सद्भाव और न्याय की कामना की। मंडल के सदस्यों ने बताया कि सुंदरकांड पाठ एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान प्राप्त दान राशि और चढ़ावे का उपयोग जंक्शन स्थित श्री गौ सेवा आश्रम, नंदीशाला एवं जिले की अन्य गौशालाओं में बीमार एवं बेसहारा गौवंश की सेवा, उपचार तथा हरे चारे की व्यवस्था में किया जाता है। मंडल के सदस्य व्यक्तिगत रूप से किसी प्रकार की सहयोग राशि ग्रहण नहीं करते तथा पूरी राशि गौसेवा और जनकल्याण कार्यांे में समर्पित की जाती है। श्रद्धालुओं ने इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने तथा समाज में मानवीय संवेदनाओं को बनाए रखने के लिए प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की मांग की। इस मौके पर संजीव शर्मा, राज तिवारी, अनुज शर्मा, सुरेंद्र यादव, महेश शर्मा, मनोज शर्मा, राजीव अग्रवाल, जिम्मी नारंग, राजू रामायणी, मगन लखोटिया, मनीष कौशिक, विनोद भाटी, कमल शर्मा, गुलशन भारद्वाज, शक्ति गर्ग, लालचंद शर्मा, सुनील सोलंकी एवं पंडित रमेश शर्मा सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
