हनुमानगढ़। टाइम्स पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। राज्य स्तरीय एसजीएफआई कराटे प्रतियोगिता में छात्र धर्मवीर ने रजत पदक हासिल किया, जबकि 31वीं जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता में कक्षा सातवीं की छात्रा मनजोत ने अंडर-14 वर्ग में दो स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जीआर ग्लोबल एकेडमी, हनुमानगढ़ में आयोजित 31वीं जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता में मनजोत ने अंडर-14 वर्ग की लंबी कूद और 80 मीटर हर्डल रेस में प्रथम स्थान प्राप्त कर दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। मनजोत की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में उत्साह है। विद्यालय के छात्र धर्मवीर ने श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर स्थित जीटीबी स्कूल में आयोजित राज्य स्तरीय एसजीएफआई कराटे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। बुधवार को विद्यालय पहुंचने पर उनका स्वागत कर सम्मानित किया गया। चेयरमैन डॉ. सागर मल लड्ढा, डायरेक्टर गोपाल किशन लड्ढा, कपिल लड्ढा, प्रधानाचार्या नेहा शर्मा, बीएड कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रामप्रताप जांगू और फार्मेसी कॉलेज के प्राचार्य अश्वनी शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया। चेयरमैन डॉ. सागर मल लड्ढा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मेहनत, लगन और खेलों के प्रति समर्पण ही सफलता का आधार हैं। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। डायरेक्टर गोपाल किशन लड्ढा और कपिल लड्ढा ने मनजोत और धर्मवीर को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं। प्रधानाचार्या नेहा शर्मा ने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलों में भी अपनी प्रतिभा निखारने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करता है। इस दौरान विद्यालय के पीटीआई रियासत अली भी मौजूद रहे।
