हनुमानगढ़। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हनुमानगढ़ टाउन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 530 ग्राम अफीम तथा 5 किलो 536 ग्राम डोडा पोस्त चूरा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा, अवैध धंधों एवं संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जिले के सभी पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई तथा वृताधिकारी हनुमानगढ़ मीनाक्षी के निकटतम सुपरविजन में हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मादक पदार्थों सहित गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार थाना हनुमानगढ़ टाउन के उपनिरीक्षक मोहर सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ गश्त व संदिग्ध व्यक्तियों की जांच में जुटे हुए थे। इसी दौरान सड़क आम रावतसर से हनुमानगढ़ की ओर रोही लखूवाली क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उसे रोका गया और तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 530 ग्राम अफीम तथा 5 किलो 536 ग्राम डोडा पोस्त चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी कालूराम पुत्र मोहनलाल सुथार (42) निवासी अजयपुर, तहसील व थाना सुवासरा, जिला मंदसौर (मध्यप्रदेश) को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध थाना हनुमानगढ़ टाउन में प्रकरण संख्या 161/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 तथा 8/15 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वह मादक पदार्थ कहां से लेकर आया था तथा इसे किसे सप्लाई करने वाला था। मामले की आगे की जांच उपनिरीक्षक रामकेर द्वारा की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस चौकी लखूवाली के कांस्टेबल राकेश की साक्ष्य एवं गोपनीय सूचना संकलन में महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसके आधार पर पुलिस को सफलता मिली। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मोहर सिंह के साथ सहायक उपनिरीक्षक किशोर मान, हेड कांस्टेबल बेगाराम , कांस्टेबल चेतन प्रकाश तथा डीआर कांस्टेबल जयकिशन शामिल रहे। हनुमानगढ़ पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
