12 मार्च से अनिश्चितकालीन पड़ाव शुरू करने की चेतावनी
हनुमानगढ़। टिब्बी क्षेत्र के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी को लेकर भारत की जनवादी नौजवान सभा ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की है। संगठन के पदाधिकारियों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर रिक्त पदों पर शीघ्र डॉक्टरों की नियुक्ति करने की मांग उठाई। सभा के प्रतिनिधियों ने बताया कि अस्पतालों में डॉक्टरों की भारी कमी के कारण आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

समय पर इलाज नहीं मिलने से मरीजों को अन्य शहरों में जाना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी झेलनी पड़ती है। जनवादी नौजवान सभा के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 12 मार्च तक मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन 12 मार्च से अनिश्चितकालीन पड़ाव शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि यह आर-पार की लड़ाई होगी और डॉक्टरों की नियुक्ति होने तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष शेर खान, ब्रांच अध्यक्ष अजय सिंह, माकपा तहसील सचिव सुरेंद्र सोनी, खेत मजदूर यूनियन अध्यक्ष रामचंद्र, ब्रांच सेक्रेटरी धर्मपाल, पिंक सिटी ब्रांच सेक्रेटरी सोनू सिंह, जनवादी मेला समिति अध्यक्ष रणजीत कौर, एसएफआई तहसील अध्यक्ष राम, विक्की सिंह, ब्रांच अध्यक्ष रोशन सिंह, रणवीर कुलड़िया, जैन कुमार और सुनील सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
