स्पीड ब्रेकर बनाने व नाले की जाली ठीक कराने की उठाई मांग
हनुमानगढ़। टाउन बस स्टैंड के पास गुरुवार दोपहर एक रोडवेज बस से बड़ा हादसा होते-होते बच गया। जानकारी के अनुसार सरदारशहर डिपो की राजस्थान रोडवेज बस टाउन पहुंची और चालक ने अचानक बस को बस स्टैंड की ओर मोड़ दिया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे दो युवकों की बाइक बस के नीचे आ गई। हालांकि गनीमत रही कि बाइक सवारों को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन उनकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।

पूर्व पार्षद प्रदीप ऐरी ने बताया कि बस स्टैंड के पास इस तरह की घटनाएं आए दिन होती रहती हैं। उन्होंने कहा कि बसों को अचानक बस स्टैंड की ओर मोड़ने से डिवाइडर के दूसरी ओर से आने वाले वाहन चालकों में घबराहट पैदा हो जाती है और कई बार वाहन अनियंत्रित होकर बस से टकराने का खतरा बना रहता है। उन्होंने बताया कि इस स्थान पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का जवान भी तैनात नहीं किया गया है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

पूर्व पार्षद ने प्रशासन और नगर परिषद से मांग की कि बस स्टैंड के पास स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं, ताकि बसों की गति पर नियंत्रण हो सके और हादसों का खतरा कम किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि बस स्टैंड के प्रवेश मार्ग पर बने नाले पर लगी लोहे की जाली भी उखड़कर टूट चुकी है। इससे भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से जाली की जल्द मरम्मत कर उसे सही ढंग से लगाने की मांग की, ताकि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
