समाज के सहयोग से बनेगा संत नामदेव छात्रावास, सांसद-विधायक ने की कमरों के निर्माण की घोषणा
हनुमानगढ़। संत नामदेव छिम्पा समाज समिति के तत्वावधान में गुरुवार को जंक्शन क्षेत्र के बाइपास रोड पर संत नामदेव छात्रावास एवं लाइब्रेरी का शिलान्यास किया गया। समाज में शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समाज के सहयोग से इस छात्रावास एवं लाइब्रेरी का निर्माण करवाया जा रहा है। शिलान्यास से पूर्व विधिवत हवन-पूजन किया गया। इसके बाद आयोजित समारोह में श्रीगंगानगर सांसद कुलदीप इंदौरा, हनुमानगढ़ विधायक गणेश राज बंसल, पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल, नामदेव सभा हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष सतीश वर्मा तथा ओबीसी मोर्चा हरियाणा के जिला महामंत्री शुभम सागु मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस मौके पर सांसद कुलदीप इंदौरा ने छात्रावास में दो कमरों के निर्माण की घोषणा की, जबकि विधायक गणेश राज बंसल ने चार कमरों का निर्माण करवाने की घोषणा की। अन्य अतिथियों तथा समाज के गणमान्य नागरिकों ने भी निर्माण कार्य में सहयोग देने की घोषणा की। सचिव दलीपचंद ने बताया कि छात्रावास का निर्माण कार्य वर्ष 2027 तक पूर्ण कर भवन विद्यार्थियों को समर्पित कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में छात्रावास में छह कमरे बने हुए हैं तथा लाइब्रेरी और प्रथम मंजिल पर चार कमरों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी की स्थापना का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को एक सुसज्जित अध्ययन केन्द्र उपलब्ध कराना है, जिससे वे बेहतर वातावरण में पढ़ाई कर सकें। इस मौके पर समिति के समिति अध्यक्ष सुरेन्द्र कायथ, सचिव दलीपचंद, कोषाध्यक्ष मुकेश सहित समाज के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
