टिब्बी। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में राजकीय महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, टिब्बी की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय की मेधावी छात्रा लक्षिता चौधरी, पुत्री सुरेंद्र कुमार खद्दा ने 97.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे टिब्बी ब्लॉक में द्वितीय स्थान हासिल किया। मंगलवार को परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य जगदीश कुमार भाटी ने बताया कि विद्यालय की अन्य छात्राओं ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इनमें ललिता, पुत्री सुरेंद्र कुमार ने 95.50 प्रतिशत, नैंसी, पुत्री रोहिताश ने 94 प्रतिशत तथा सारिका, पुत्री यशवंत सिंह ने 92.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। वरिष्ठ अध्यापक कमलेश कुमार ने बताया कि विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है। कुल 25 परीक्षार्थियों में से 19 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी, 5 ने द्वितीय श्रेणी तथा 1 विद्यार्थी ने तृतीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की। इनमें 4 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक और 14 विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए, जबकि 11 छात्राएं गार्गी पुरस्कार के लिए पात्र बनी हैं।

इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर मंगलवार को विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि कुलवंत सुथार, सीबीईओ राजेश अरोड़ा, समाजसेवी दिनेश अग्रवाल और मनीष अरोड़ा उपस्थित रहे। अतिथियों एवं विद्यालय स्टाफ ने अव्वल रहे विद्यार्थियों को साफा पहनाकर व अबीर-गुलाल लगाकर सम्मानित किया। ब्लॉक में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली लक्षिता चौधरी ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के अनुशासित वातावरण, शिक्षकों के मार्गदर्शन और माता-पिता के सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य भविष्य में नॉन-मेडिकल संकाय लेकर इंजीनियर बनना है। लक्षिता ने कहा कि उनके विद्यालय की पढ़ाई निजी स्कूलों से भी बेहतर है, इसलिए उन्हें कभी ऑनलाइन पढ़ाई या सोशल मीडिया की आवश्यकता महसूस नहीं हुई। लक्षिता ने परीक्षा की तैयारी के दौरान प्रतिदिन 12 से 13 घंटे नियमित अध्ययन किया। इस दौरान उनकी माता और एमबीबीएस कर रही बड़ी बहन ने उन्हें लगातार प्रेरित किया। उनके पिता सुरेंद्र खद्दा किसान हैं। छात्राओं की इस सफलता से पूरे कस्बे में खुशी का माहौल है और अभिभावकों में सरकारी स्कूलों की शिक्षा गुणवत्ता को लेकर गर्व की भावना दिखाई दे रही है।
