हनुमानगढ़। भारतीय जनता पार्टी के जंक्शन नगर मण्डल की ओर से सेक्टर 12 स्थित सामुदायिक भवन में चल रहे प्रशिक्षण शिविर का समापन मंगलवार को समारोहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मण्डल अध्यक्ष प्रकाश तंवर ने की। शिविर के अंतिम सत्र में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. भारतभूषण शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे, जिन्होंने कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, कार्यपद्धति और संगठनात्मक मूल्यों के बारे में मार्गदर्शन दिया। डॉ. भारतभूषण शर्मा ने पार्टी की वैचारिक पंच निष्ठा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेकर आगे बढ़ने वाला परिवार है। पार्टी की नीतियां और सिद्धांत राष्ट्रवाद, सुशासन, विकास और सेवा भावना पर आधारित हैं। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न उपलब्धियों को भी रखा और कहा कि सरकार ने हर वर्ग के उत्थान के लिए योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आमजन के बीच जाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं और पार्टी की विचारधारा को मजबूत करें। इसके साथ ही उन्होंने संगठन में अनुशासन, समर्पण और सक्रियता को आवश्यक बताया। शिविर के अन्य सत्रों में संजय जिंदल, जुगल किशोर गौड़, चरणदास गर्ग और महेश गुप्ता ने पार्टी के इतिहास, रीति-नीति और संगठन की कार्यशैली पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैसे संगठन निरंतर कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण और मार्गदर्शन के माध्यम से अपनी जड़ों को मजबूत कर रहा है। इस दौरान मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी सेल, सरल ऐप और नमो ऐप के उपयोग के बारे में भी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया। वक्ताओं ने डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने और सकारात्मक संदेशों के प्रचार-प्रसार के लिए प्रेरित किया। मण्डल अध्यक्ष प्रकाश तंवर ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं के ज्ञान और दक्षता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा संगठन को मजबूत बनाते हैं। इस मौके पर मंडल महामंत्री प्रवीण सिंह परमार, मंडल उपाध्यक्ष जितेंद्र तेजवानी, डॉ. आदित्य चावला, केशव पाल, प्रशांत सोनी, दयावंती वर्मा, मंडल मंत्री विशंभर वर्मा, नितिन तिवाड़ी, जगसीर सिंह, राकेश गोयल, अर्जुन विमल, मंडल वर्ग प्रभारी मोहन चंगोई, लेखराम जोशी, झम्मन पायवाल, लख्मीचंद बड़गुजर, गणेश सोलंकी, निशांत शर्मा, मुकेश गोसाईं, बनवारी सैन, भगवानदास चेनानी, नरेंद्र शेखावत, सुरेंद्र यादव, राजकुमार गोस्वामी, गगन बंसल, संतोष कुमार, भज्जू सिंह, रामचंद्र भाट मौजूद रहे।
