हनुमानगढ़। टिब्बी क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में खेत में लगे ट्यूबवेल की सबमर्सिबल तार चोरी होने का मामला सामने आया है। टिब्बी थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, परिवादी हरमनदीप सिंह (28) पुत्र गुरपाल सिंह निवासी वार्ड 6, मसानी, सलेमगढ़ ने थाना में लिखित शिकायत दी। परिवादी ने बताया कि उसने चक 22 एनजीसी में चौधरी विजेंद्र कुमार की 20 बीघा कृषि भूमि ठेके पर ले रखी है। 16 मार्च की रात करीब 8 बजे जब वह खेत पर स्थित ट्यूबवेल संभालने पहुंचा, तो पाया कि ट्यूबवेल में लगी सबमर्सिबल तार गायब थी, जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। परिवादी ने संदेह जताया है कि क्षेत्र में संदिग्ध रूप से घूमते हुए देखे गए शिवा पुत्र मनोहर लाल नायक और राजेश कुमार उर्फ करण पुत्र रामकुमार नायक निवासी शेरेंका इस चोरी में शामिल हो सकते हैं। परिवादी के अनुसार, दोनों युवक पहले भी चोरी की वारदातों में संलिप्त रहे हैं। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सूरेवाला पुलिस चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक दिनेश कुमार को सौंपी गई है।
