ऐलनाबाद। संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डिंग थाना पुलिस ने ट्यूबवेलों की केबल तार चोरी करने के मामले में तीन आरोपियों को सिरसा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के निर्देशानुसार कार्रवाई करते हुए डिंग थाना पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। इस संबंध में जानकारी देते हुए डिंग थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बब्लू पुत्र रामजी लाल, जगरूप उर्फ वकील पुत्र गोबिंद सिंह तथा वीरपाल उर्फ वीर सिंह पुत्र गुरदेव सिंह निवासी हुड्डा सेक्टर-19, सिरसा के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि बरुवाली प्रथम निवासी रामकिशन पुत्र अर्जुन राम ने डिंग थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 16 जनवरी 2026 की रात अज्ञात युवक गांव बरुवाली प्रथम के करीब चार खेतों से ट्यूबवेलों की केबल तार चोरी कर फरार हो गए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। थाना प्रभारी ने बताया कि जैसे ही यह मामला पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के संज्ञान में आया, उन्होंने खेतों से केबल तार चोरी की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए डिंग थाना पुलिस को त्वरित कार्रवाई कर मामले का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए थे। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपियों की पहचान कर उन्हें सिरसा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी नशा करने के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए अक्सर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था, जिसके दौरान उनसे गहन पूछताछ की गई। पूछताछ में चोरी की अन्य वारदातों के खुलासे की भी संभावना जताई जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपियों को पुनः अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
संवाददाता- रमेश भार्गव
