ऐलनाबाद। स्थानीय उपमंडल में बार एसोसिएशन के चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इसी क्रम में एसडीएम पारस भागोरिया ने मतदान केंद्र का औचक निरीक्षण कर चुनाव प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ तहसीलदार रविंद्र मलिक भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान एसडीएम पारस भागोरिया ने मतदान स्थल पर पहुंचकर चुनाव की पूरी प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने निर्वाचन अधिकारियों से बातचीत कर मतदान की व्यवस्थाओं, मतदाताओं की सुविधा और सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या बाधा उत्पन्न न होने दी जाए तथा सभी कार्य निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों के अनुसार ही संपन्न किए जाएं। एसडीएम ने मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं से भी संवाद किया और उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में गरिमापूर्ण एवं शांतिपूर्ण तरीके से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बार एसोसिएशन चुनाव अधिवक्ताओं की लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है और प्रशासन का मुख्य उद्देश्य इसे पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराना है। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। किसी भी तरह की समस्या या शिकायत की स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि चुनाव प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।
संवाददाता- रमेश भार्गव
