हनुमानगढ़। सादुलशहर मार्ग पर गांव रोड़ांवाली के बाद हनुमान मंदिर के पास तेज गति और लापरवाही से चलाए जा रहे ट्रक ने सामने से आ रही कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार सतपाल (43) पुत्र फकीरचंद भाट निवासी सेक्टर नंबर 4, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, जंक्शन की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। जंक्शन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस को दी रिपोर्ट में मृतक के भाई रमेश कुमार (34) पुत्र फकीरचंद भाट निवासी वार्ड नंबर 9, चक 8 जेआरके, रोही डबलीवास मिड्ढा ने बताया कि 16 सितंबर की रात करीब 10.30 बजे उसका बड़ा भाई सतपाल (43) कंपनी के कार्य से कार नंबर डीएल 12 सीएस 4494 से जंक्शन से सादुलशहर के लिए रवाना हुआ था। रोड़ांवाली से निकलने के बाद हनुमान मंदिर के पास सामने से आ रहे ट्रक नंबर पीबी 05 एके 9991 के चालक ने ट्रक को गलत दिशा में तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए उसकी कार को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलने पर रमेश कुमार और परिवार के सदस्य राजकीय जिला चिकित्सालय, टाउन पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने सतपाल को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल लायक सिंह को सौंपी गई है।
