पीलीबंगा। पीलीबंगा थाना क्षेत्र में खेत में बनी डिग्गी में गिरे युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई। हनुमानगढ़ से मौके पर पहुंची आपदा प्रबंधन नागरिक सुरक्षा टीम के गोताखोरों ने रेस्क्यू कर युवक का शव डिग्गी से बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार कंट्रोल रूम हनुमानगढ़ में सूचना मिली कि पीलीबंगा थाना क्षेत्र के गांव 18 एसपीडी (बी) के एक खेत में बनी डिग्गी में धर्मपाल (25) पुत्र राजेंद्र चालिया गिर गया है।

सूचना मिलने पर आपदा प्रबंधन नागरिक सुरक्षा हनुमानगढ़ के गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। टीम लीडर सुखचरण अक्कू के नेतृत्व में खिस्मत अली, शहजाद खान, जुगल किशोर, मनोज कुमार व वीरेन्द्र खन्ना ने करीब दस मिनट की मशक्कत के बाद धर्मपाल के शव को रेस्क्यू कर डिग्गी से बाहर निकाला। इस दौरान ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। जाखड़ांवाली पुलिस चौकी प्रभारी एसआई चैनदान भी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे।
