हनुमानगढ़। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं की सरकारी खरीद की समय सीमा बढ़ाने की मांग के साथ ही खरीद लक्ष्य बढ़ाने की मांग भी जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को तलवाड़ा झील व्यापार मंडल के बैनर तले धानमंडी के व्यापारियों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर गेहूं खरीद का लक्ष्य बढ़ाने और पर्याप्त बारदाना उपलब्ध करवाने की मांग की। व्यापार मंडल अध्यक्ष सुभाष चन्द्र बालासरिया ने बताया कि इस वर्ष सरकार की ओर से तलवाड़ा झील धानमंडी को गेहूं खरीद का लक्ष्य पिछले वर्ष की तुलना में करीब 48 प्रतिशत कम आवंटित किया गया है। इससे बड़ी संख्या में किसानों की उपज एमएसपी पर बिकने से वंचित रहने की आशंका है। उन्होंने मांग की कि तलवाड़ा झील मंडी का खरीद लक्ष्य बढ़ाकर 1 लाख 40 हजार थैले अतिरिक्त आवंटित किए जाएं। उनका कहना था कि यदि यह लक्ष्य बढ़ाया जाता है तो क्षेत्र के किसानों की पूरी गेहूं फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जा सकेगी, जिससे किसानों को आर्थिक लाभ मिलेगा। व्यापारियों ने कहा कि यदि खरीद लक्ष्य नहीं बढ़ाया गया तो किसानों को अपनी उपज बाजार भाव पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। वर्तमान में गेहूं का बाजार भाव करीब 2400 रुपये प्रति क्विंटल चल रहा है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। ज्ञापन में सरकार से मांग की गई कि तलवाड़ा झील मंडी के लिए गेहूं खरीद का लक्ष्य बढ़ाने के साथ-साथ पर्याप्त मात्रा में बारदाना भी उपलब्ध करवाया जाए, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
