ललितपुर। जेल चौराहे स्थित अंबेडकर पार्क में मंगलवार शाम ‘विकसित भारत का संकल्प: सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष’ विषय पर विचार-संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन राज्य मंत्री मनोहर लाल पंथ मुख्य अतिथि रहे, जबकि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सोनाली जैन अभिलाषा ने अध्यक्षता की। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणेश के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान वक्ताओं ने सेवा, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि राज्य मंत्री मनोहर लाल पंथ ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में देश एवं प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना करते हुए कहा कि इससे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है तथा लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है। राज्य मंत्री ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था की मजबूती, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और आवास, पेयजल, सड़क एवं विद्युत जैसी योजनाओं के माध्यम से हुए विकास कार्यों की जानकारी भी साझा की। नगर पालिका अध्यक्ष सोनाली जैन अभिलाषा ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि नगर पालिका परिषद ललितपुर शहर के समग्र विकास और सौंदर्यीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने सुम्मेरा तालाब के सौंदर्यीकरण, कर्माबाई पार्क एवं चंद्रशेखर उद्यान (कंपनी बाग) के विकास, घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था, वर्षा जल निकासी के लिए नालों के निर्माण, विभिन्न वार्डों में नई सड़कों के निर्माण, देलबारा स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट तथा कान्हा गौ-आश्रय स्थल जैसे विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने नागरिकों से नगर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। संगोष्ठी में विभिन्न वक्ताओं ने भी जनकल्याणकारी योजनाओं और नगर विकास में जनसहभागिता की भूमिका पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में भाजपा नगर अध्यक्ष चंद्रशेखर राठौर, मुन्नालाल जैन, राहुल रजक, पं. विनोद मिश्र, अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा, अशोक पंथ, जितेंद्र राठौर, जानकी, अमरदीप रजक, डॉ. तेजश्व श्रीवास्तव, पार्वती खटीक सहित नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
