– नेहरू मेमोरियल महाविद्यालय में डॉ. लोकेंद्र राघव ने विद्यार्थियों को बताई दांतों की सही देखभाल और ब्रश करने की तकनीक
हनुमानगढ़। राजकीय नेहरू मेमोरियल महाविद्यालय में राजस्थान राज्य महिला नीति, महिला प्रकोष्ठ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में 2 अक्टूबर को ‘दांतों की देखभाल और ओरल हाइजीन’ विषय पर जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. रामपाल अहरोदिया ने की। मुख्य वक्ता के रूप में दंत चिकित्सक डॉ. लोकेंद्र राघव उपस्थित रहे। प्राचार्य प्रो. रामपाल अहरोदिया ने कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ ओरल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि लोग अक्सर दांतों की शुरुआती समस्याओं को नजरअंदाज कर देते हैं, जो आगे चलकर गंभीर रूप ले सकती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों एवं आमजन से दैनिक दिनचर्या में स्वास्थ्य संबंधी नियमों को अपनाने का आह्वान किया। मुख्य वक्ता डॉ. लोकेंद्र राघव ने दांतों की संरचना एवं उसकी तीन प्रमुख परतों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने आधुनिक जीवनशैली के कारण होने वाली कैविटी एवं पायरिया से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने दिन में दो बार ब्रश करने, प्रत्येक भोजन के बाद कुल्ला करने तथा हर छह माह में दांतों की जांच कराने की सलाह दी। साथ ही विद्यार्थियों को ब्रश करने की सही तकनीक का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। व्याख्यान के बाद प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने दांतों से जुड़ी समस्याओं को लेकर सवाल पूछे। डॉ. राघव ने विद्यार्थियों के सवालों के सरल समाधान बताए। कार्यक्रम में किरण ढिल्ल, अनमोल कुमार शर्मा, डॉ. विनोद खुड़ीवाल, कृति गोयल, ममता सहित संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। मंच संचालन सहायक आचार्य इतिहास भागवन्ती ने किया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
