रावतसर। क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिली है। प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार कच्ची बस्ती प्रकोष्ठ के तहत पूर्व डायरेक्टर दारा सिंह वरतिया को रावतसर ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है और पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। यह नियुक्ति प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और कच्ची बस्ती प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष भरत मेघवाल द्वारा की गई है। इस निर्णय में प्रदेश उपाध्यक्ष शिव भगवान रैगर, जिला अध्यक्ष मनीष मक्कासर और प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष एवं सरपंच सालीवाला सुधीर गोदारा की महत्वपूर्ण अनुशंसा रही। दारा सिंह वरतिया को लंबे समय से कांग्रेस का कर्मठ, समर्पित और जमीनी कार्यकर्ता माना जाता रहा है। उनकी सक्रियता और संगठन के प्रति निष्ठा को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश उपाध्यक्ष शिव भगवान रैगर ने बताया कि वरतिया को आगामी 20 दिनों के भीतर कच्ची बस्ती प्रकोष्ठ की ब्लॉक कार्यकारिणी घोषित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जा सके। जिला अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि कच्ची बस्ती प्रकोष्ठ की जिला कार्यकारिणी जिले के अन्य प्रकोष्ठों की तुलना में सबसे मजबूत और संगठित है तथा इसमें सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का प्रयास किया गया है। वहीं प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष सुधीर गोदारा ने दारा सिंह वरतिया को शुभकामनाएं देते हुए जल्द कार्यकारिणी गठन करने का आग्रह किया। इस अवसर पर रावतसर ब्लॉक अध्यक्ष देवीलाल मटोरिया ने दारा सिंह वरतिया का उनके निवास पर साफा पहनाकर भव्य स्वागत किया। अंत में जिला अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने प्रदेश उपाध्यक्ष शिव भगवान रैगर और जिला अध्यक्ष सुधीर गोदारा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में गठित टीम जिले में कांग्रेस संगठन को और मजबूत बनाने का कार्य करेगी।
संवाददाता- नरेश सिगची
