-गुणवत्तापूर्ण खाला निर्माण से किसानों को मिला समय पर नहरी पानी
चारणवासी। खिनानियां वितरिका के चक 4 केएनएन में 27-28 मुरब्बा लंबे खाले का निर्माण कार्य इन दिनों युद्धस्तर पर जारी है। निर्माण कार्य के तहत अब तक 9 मुरब्बा लंबे खाले का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है, जिससे नहरी पानी किसानों के खेतों तक पहुंचना शुरू हो गया है। निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार रवि कालेरा और सागर महिया ने बताया कि निर्मित खाले से मौके पर पहुंचा नहरी पानी सीधे किसानों के खेतों में पहुंच गया है, जिससे गेहूं की फसल की अंतिम सिंचाई संभव हो सकी है। इससे क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिली है। मौके पर पहुंचे किसानों और जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य का निरीक्षण कर संतोष व्यक्त किया। किसानों ने बताया कि ठेकेदारों द्वारा तेजी से खाला निर्माण किए जाने के कारण फसलों की समय पर सिंचाई हो सकी है। निरीक्षण के दौरान फेफाना के पूर्व सरपंच नरेश गोदारा, एनपी 3 के पूर्व अध्यक्ष महेंद्र भादू, शिवकुमार शर्मा, बृजलाल बिजारणियां, कालू भादू, चरण सिंह गोदारा और राजपाल गोदारा सहित कई किसान मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि खाले का निर्माण विभाग द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जा रहा है, जिस पर किसानों ने संतोष व्यक्त किया है। गौरतलब है कि पुराना खाला क्षतिग्रस्त होने के कारण नहरी पानी बार-बार टूट रहा था, जिससे सिंचाई का पानी व्यर्थ बह जाता था। अब नए खाले के निर्माण से नहर का पानी सीधे किसानों के खेतों तक पहुंचेगा और फसलों को पर्याप्त सिंचाई मिल सकेगी। ठेकेदारों ने आश्वासन दिया है कि शेष निर्माण कार्य भी तेजी से पूरा किया जाएगा, ताकि किसानों को उनकी बारी के समय पानी की कमी का सामना न करना पड़े और उनकी फसलें सुरक्षित रह सकें। इस अवसर पर किसानों ने सिंचाई विभाग के एक्सईएन राजेंद्र सिंह, एईएन मनदीप धारीवाल और जेईएन रणवीर देहडू का आभार व्यक्त किया।
संवाददाता-जयलाल वर्मा
