हनुमानगढ़। क्षेत्र के प्रतिभाशाली छात्र दिव्यांश दादरी ने चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए ऑल इंडिया रैंक 13 प्राप्त कर जिले और परिवार का नाम रोशन किया है। दिव्यांश ने यह उपलब्धि जनवरी 2026 के उस अटेम्प्ट में हासिल की है जिसे इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) के इतिहास का सबसे कठिन अटेम्प्ट माना जा रहा है। दिव्यांश दादरी, संजय दादरी और बिंदु दादरी के पुत्र तथा बृजलाल दादरी के पौत्र हैं। उनकी इस सफलता से पूरे परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। जैसे ही परिणाम घोषित हुआ, परिजनों, रिश्तेदारों और परिचितों ने दिव्यांश को बधाइयां देना शुरू कर दिया। दिव्यांश की 12वीं तक पढ़ाई हनुमानगढ़ के व्यापार मंडल स्कूल में ही हुई। उन्होंने अपनी सीए परीक्षा की तैयारी दिल्ली में रहकर की। उन्होंने बताया कि इस सफलता के पीछे निरंतर मेहनत, अनुशासन और परिवार का सहयोग सबसे बड़ा कारण रहा। उन्होंने कहा कि सीए की पढ़ाई चुनौतीपूर्ण जरूर होती है, लेकिन यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और नियमित अध्ययन किया जाए तो सफलता जरूर मिलती है। दिव्यांश ने बताया कि पढ़ाई के दौरान उन्होंने समय का विशेष ध्यान रखा और हर विषय को गहराई से समझने की कोशिश की। कठिन विषयों पर अधिक समय दिया और नियमित रूप से मॉक टेस्ट व रिवीजन करते रहे। इसी रणनीति के कारण उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर शानदार रैंक प्राप्त हुई। दिव्यांश की इस उपलब्धि पर उनके माता-पिता ने खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें अपने बेटे पर गर्व है। उन्होंने बताया कि दिव्यांश बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहा है और हमेशा अपने लक्ष्य को लेकर गंभीर रहता था। परिवार के सदस्यों का कहना है कि उसकी मेहनत और लगन का ही परिणाम है कि आज उसने देशभर में टॉप रैंक हासिल की है। क्षेत्र के लोगों और समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने भी दिव्यांश दादरी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिव्यांश की सफलता से क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे भी बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रोत्साहित होंगे।
