हनुमानगढ़। जिला मुख्यालय के निकटवर्ती गांव नवां में आयोजित पीर नादिर शाह के उर्स मेले के दौरान हुए झगड़े का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक आपस में झगड़ते और एक-दूसरे पर गन्नों से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। घटना के सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार नवां गांव में 4 और 5 मार्च को दो दिवसीय उर्स मेला आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण पहुंचे थे। इसी दौरान मेले में किसी बात को लेकर कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कुछ युवक गन्नों से एक-दूसरे पर हमला करते हुए मारपीट कर रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग उन्हें रोकने की कोशिश भी करते नजर आ रहे हैं। घटना के दौरान मेले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उधर, मेले में खुलेआम मारपीट की घटना को लेकर स्थानीय दुकानदारों में भी रोष देखने को मिला। दुकानदारों का कहना है कि मेले में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की मौजूदगी को लेकर प्रशासन को और सतर्क रहना चाहिए था। वीडियो वायरल होने के बाद हनुमानगढ़ जंक्शन थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और झगड़े में शामिल युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
