हनुमानगढ़। टाउन स्थित बाबा मंगलनाथ डेरे की चारदीवारी क्षतिग्रस्त किए जाने से मोहल्लेवासियों एवं श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया। शनिवार को बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हुए और कृषि उपज मंडी समिति की कार्रवाई के खिलाफ विरोध दर्ज करवाया। मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से डेरे को क्षतिग्रस्त किए जाने से बचाने की मांग की। विनोद लुगरिया सहित अन्य मोहल्लेवासियों ने बताया कि उनके वार्ड में बाबा मंगलनाथ का डेरा काफी वर्षांे से स्थित है। डेरे में चार समाधियां बनी हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में कृषि उपज मंडी समिति की ओर से डेरे में तोड़फोड़ की जा रही है तथा चारदीवारी को कुछ स्थानों से तोड़ दिया गया है। लोगों का कहना है कि चारदीवारी के अन्य हिस्से को भी तोड़ने की चेतावनी दी गई है। मोहल्लेवासियों ने कहा कि धार्मिक स्थल को क्षतिग्रस्त करने के बजाय प्रशासन को क्षेत्र की अन्य समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कृषि उपज मंडी समिति के बंद पड़े वाटर वर्क्स के कमरे में नशेड़ी प्रवृत्ति के लोगों का जमावड़ा रहता है और यह स्थान नशेड़ियों का अड्डा बना हुआ है। कुछ दिन पहले इसी स्थान के आसपास एक युवक की नशे की ओवरडोज से मौत होने की बात भी उन्होंने कही। उन्होंने कहा कि एक ओर नशेड़ियों की शरणस्थली बने कमरे की समस्या पर ध्यान नहीं दिया जा रहा, वहीं दूसरी ओर वर्षांे पुराने धार्मिक स्थल को तोड़ा जा रहा है। मंदिर परिसर में लगे पेड़-पौधों से क्षेत्र में हरियाली है तथा वर्षांे पुराना बड़ का पेड़ भी यहां मौजूद है। इसके अलावा परिसर में मजदूरों के बैठने की जगह भी है। मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से डेरे की चारदीवारी एवं धार्मिक स्थल को बचाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी हालत में बाबा मंगलनाथ डेरे को टूटने नहीं दिया जाएगा। साथ ही कहा कि यदि नशेड़ियों की शरणस्थली बने बंद कमरे को नहीं हटाया गया तो मंडीवासी स्वयं उसे तोड़ने के लिए मजबूर होंगे।
