हनुमानगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के नवनियुक्त पदाधिकारियों की बैठक शनिवार को विभाग के जिलाध्यक्ष मनमोहन सोनी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जंक्शन स्थित डीसीसी कार्यालय में हुई बैठक में जिलेभर से ओबीसी विभाग के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान राजस्थान कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग में प्रदेश महासचिव गुरदीप चहल ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए तथा माल्यार्पण कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस मौके पर पदाधिकारियों को कांग्रेस पार्टी की रीति-नीति से अवगत कराया गया और आगामी पंचायती राज एवं नगर निगम चुनावों में पूरी मजबूती के साथ सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। बैठक में संगठन विस्तार, पार्टी की नीतियों के प्रचार-प्रसार और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई। इस मौके पर प्रदेश महासचिव गुरदीप चहल ने कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियों से आमजन में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के कारण आम आदमी प्रभावित हो रहा है तथा युवाओं के सामने रोजगार का संकट गहरा रहा है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है, जिससे युवाओं में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अधिक संघर्ष करते हुए पार्टी की नीतियों को लोगों तक पहुंचाना होगा तथा अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ना होगा ताकि पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाया जा सके। जिलाध्यक्ष मनमोहन सोनी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान और सामाजिक न्याय की विचारधारा पर चलने वाली पार्टी है और हर वर्ग के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने कहा कि आज किसानों, युवाओं और आमजन से जुड़े कई मुद्दे लंबित हैं। जिले के किसानों को अटल भूजल योजना के तहत निर्मित डिग्गियों का भुगतान नहीं मिलने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस पार्टी किसानों के इस मुद्दे को मजबूती से उठाएगी और उनके हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी।
