
रावतसर के स्थानीय पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में भामाशाहों के सहयोग से नवनिर्मित कक्षा-कक्ष एवं पुस्तकालय के लिए उपलब्ध कराए गए आधुनिक फर्नीचर का लोकार्पण समारोह आज हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में समाज की भागीदारी और सहयोग की भावना साफ तौर पर देखने को मिली। इस लोकार्पण समारोह के मुख्य अतिथि पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल रहे, जबकि कार्यक्रम में राजस्थान भाजपा महामंत्री कैलाश मेघवाल विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक जितेंद्र कुमार बठला, जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक च्यानण मल भार्गव, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रावतसर सुरेंद्र कुमार धुड़िया, युवा भाजपा नेता नीतीश ढालिया, राकेश शास्त्री तथा जिला बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जितेंद्र गोयल शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य सत्यदेव राठौड़ ने की। समारोह के दौरान शिक्षाविद स्वर्गीय मनीराम थोरी की स्मृति में उनकी धर्मपत्नी श्रीमती गुड्डी देवी, डॉ. अमरसिंह थोरी एवं नरेंद्र थोरी द्वारा मुख्यमंत्री जनसहभागिता योजना के अंतर्गत लगभग 3 लाख रुपये की लागत से निर्मित कक्षा-कक्ष का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही व्यापार मंडल अध्यक्ष मुकेश कुमार न्योल, पुत्र ठाकर राम न्योल द्वारा लगभग 3 लाख रुपये की लागत से विद्यालय पुस्तकालय के लिए उपलब्ध कराए गए आधुनिक फर्नीचर, जिसमें मेज और कुर्सियां शामिल हैं, का भी विधिवत फीता काटकर लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर भामाशाहों का साफा पहनाकर, माल्यार्पण कर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विनोद गोठवाल ने भामाशाहों की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से सरकारी विद्यालयों में जिस प्रकार विकास कार्य हो रहे हैं, वह सराहनीय है। उन्होंने बताया कि पीएम श्री विद्यालय में प्रधानाचार्य के नेतृत्व में गत तीन शैक्षणिक सत्रों में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं, जिसके लिए विद्यालय परिवार एवं सहयोग करने वाले सभी भामाशाह बधाई के पात्र हैं। विधायक ने यह भी जानकारी दी कि विद्यालय में विधायक मद से लगभग 3.5 लाख रुपये की लागत से कबड्डी मैट तथा 5 लाख रुपये की लागत से वॉलीबॉल ग्राउंड का निर्माण कार्य भी करवाया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों के शारीरिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। वहीं भाजपा महामंत्री कैलाश मेघवाल ने अपने संबोधन में भामाशाहों को साधुवाद देते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में ऐसे सहयोग अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने समाज के सक्षम वर्ग से आगे आकर विद्यालयों के विकास में योगदान देने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य सत्यदेव राठौड़ ने सभी अतिथियों, भामाशाहों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के भामाशाहों का सहयोग शिक्षा के विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे प्रयासों से सरकारी विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होता है, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव हो पाता है और शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार आता है। इस अवसर पर दलीप छिपा, गुरजीत सिंह विडंग, कैलाश सींवर, पवन गोदारा, संतराम न्योल, सार्दुल बिजारणियां, रामेश्वरलाल सिहाग, रंगलाल बिश्नोई, रूपसिंह राजपुरी, महेंद्र सिंह चौहान, रामप्रताप कासनियां, सुनील कुमार गरूवा, सुभाष चंद्र सीगड़, अर्जुन लाल एडवोकेट, राजेश सोमानी, सुरेश सोमानी, सार्दुल मटोरिया सहित पूर्व भामाशाह, बिश्नोई समाज, कुम्हार समाज, सोमानी परिवार, सुथार परिवार, करवा परिवार, रावतसर शहर के गणमान्य नागरिक, विद्यालय परिवार एवं एसडीएमसी सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कुल मिलाकर यह समारोह शिक्षा, समाज और सहयोग की मजबूत कड़ी का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया, जहां भामाशाहों के योगदान से सरकारी विद्यालय में सुविधाओं का विस्तार हुआ और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया गया। वही आज पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षा दान महोत्सव के तहत डॉ महेंद्र सांगवाल द्वारा लिखित पुस्तक “भारतीय संविधान” उन्होंने भेंट की।
